सुखानंद तीर्थ पर उमड़ा भक्तों का सैलाब: 5 हजार से अधिक दर्शनार्थियों ने टेका मत्था, श्रावण माह भगवान शिव को समर्पित है-सखलेचा
News Published By Mr.Dinesh NalwayaPublish Date: 20-07-2025
रत्नमोती न्यूज
नीमच - जावद अरावली पर्वत माला की सुरम्य वादियों में सुखानंद तीर्थ पर भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार के दिन इस पावन स्थल पर 5 हजार से अधिक भक्त जनों ने भगवान शिव के दरबार में शीश झुकाया और उनकी कृपा का अनुभव किया।
इस अवसर पर पूर्व सूक्ष्म लघु एवं प्रौद्योगिकी मंत्री एवं वर्तमान जावद विधान सभा क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने भी सुखानंद तीर्थ पहुंचकर विधि पूर्वक भगवान शिव का अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
सुखानंद तीर्थ एक ऐसा स्थल है जो भक्तों की आस्था का केंद्र है। श्रावण मास में तो यहां भक्तों का जमावड़ा रहता है। खासकर रविवार के दिन सरकारी कर्मचारी और नौकरी पेशा लोग यहां के मनोरम दृश्य को देखने और भोले के दर्शन के लिए आते हैं।
यहां की पहाड़ियां वर्षा ऋतु में हरी-भरी हो जाती हैं और 70 फीट ऊंचाई से गिरने वाला झरना पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करता है। पर्यटक इस झरने के नीचे नहा कर और फोटो खिंचवाकर आनंद लेते हैं। वहीं गुफा में गंगा मैया के गंगाजल से अभिषेक भी कर स्वयं को धन्य समझते हैं।
सोमवार के दिन यहां कावड़ यात्रा के माध्यम से भक्तजन पहुंचते हैं और शिव का अभिषेक करते हैं। यह स्थान तीर्थ स्थल और पर्यटक स्थल दोनों का महत्व रखता है। नीमच जिले का सबसे बड़ा पर्यटक स्थल होने के नाते, सुखानंद तीर्थ पर्यटकों और भक्तों के लिए एक आकर्षक स्थल है।
